पठानकोट: श्री हंस आश्रम में श्रद्धा के साथ मनाया गया गुरु पूजा महोत्सव
पठानकोट : परमपूज्य सतगुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज जी की असीम कृपा तथा सोम्या बाईजी एवं आकृति बाईजी के पावन मार्गदर्शन में श्री हंस आश्रम, पठानकोट में ‘गुरु पूजा महोत्सव’ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान भव्य सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने गुरु महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया और सतगुरुदेव जी के जीवन से जुड़े कई प्रेरणादायक प्रसंगों को श्रद्धालुओं के समक्ष रखा। सत्संग में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मानव जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने श्रद्धालुओं को सद्गुरु के बताए वचनों पर अमल करने तथा समाज में सत्य, प्रेम, निष्काम सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया।
श्रद्धालुओं ने टेक मत्था, लिया आशीर्वाद
महोत्सव में पठानकोट व आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। सभी ने गुरु महाराज जी के श्रीचरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा आश्रम परिसर ‘गुरु महाराज की जय’ और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा।
सेवादारों का रहा विशेष योगदान
इस धार्मिक कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में आश्रम के समर्पित सेवादारों का विशेष योगदान रहा। इनमें राज, संपूर्ण सिंह, शंकर, दीपक, रजनी, इच्छा देवी, श्रद्धा, राजरानी, उषा, सुधा, अक्षय, शुभम, मोनू, रमा, सुनीता, मैडम अनीता, रितिक तथा रितिका सहित अन्य गणमान्य लोगों ने व्यवस्था संभालने में मुख्य भूमिका निभाई।












