शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चिट्टे के साथ कुल्लू के दो युवक गिरफ्तार
राजधानी में नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास स्पेशल सेल ने दबोचे आरोपी

शिमला: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े गए अभियान में शिमला पुलिस के हाथ एक और बड़ी सफलता लगी है। पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर कुल्लू जिले के दो युवकों को चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ऋषि ठाकुर (20) और गौरव ठाकुर उर्फ गोलू (19), निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम पुराना बस स्टैंड, लक्कड़ बाजार और न्यू बस अड्डा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता सूचना मिली कि कुल्लू के रहने वाले दो युवक चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर रामपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी इस समय टूटीकंडी क्रॉसिंग स्थित रेन शैल्टर में वाहन का इंतजार कर रहे हैं।

6 ग्राम चिट्टा बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी। रेन शैल्टर में मौजूद दोनों युवकों की जब स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली गई, तो ऋषि ठाकुर के बैग से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह खेप चंडीगढ़ में कहां से लाए थे और रामपुर में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
“नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जीरो टॉलरेंस की नीति पर जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”
— पुलिस विभाग, शिमला








