जलालाबाद: चलते वाहन पर गिरा लोहे का भारी खंभा, बाल-बाल बचा परिवार
गांव घुबाया के पास निर्माणाधीन घी फैक्ट्री के पास हुआ हादसा; कार के शीशे तोड़कर अंदर घुसा खंभा

जलालाबाद (फाजिल्का):क्षेत्र के गांव घुबाया के पास एक भीषण हादसा होने से टल गया, जब एक चलती कार पर अचानक लोहे का भारी-भरकम खंभा गिर गया। यह खंभा कार का अगला शीशा तोड़ते हुए सीधा अंदर तक घुस गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक मंजर के बावजूद कार में सवार परिवार के किसी भी सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा जानी नुकसान होने से बचाव हो गया।

निर्माणाधीन फैक्ट्री के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, गांव मोहम्मदे वाला निवासी जोबन अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर घुबाया की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव के पास स्थित एक निर्माणाधीन घी फैक्ट्री के समीप पहुँची, तो अचानक वहां लग रहा एक लोहे का भारी खंभा कार के ऊपर आ गिरा। खंभे का प्रहार इतना जोरदार था कि वह कार की विंडस्क्रीन (शीशा) को चीरते हुए केबिन के अंदर जा घुसा।

मची अफरा-तफरी, कार हुई क्षतिग्रस्त
खंभा गिरने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रुकी। हादसे के वक्त मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा और स्थिति का जायजा लिया।
“हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। कार सवार परिवार सुरक्षित है। फिलहाल दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”
— गुरनाम सिंह, इंचार्ज, पुलिस चौकी घुबाया








