पंजाब राज्य ट्रेडर कमीशन ने बमियाल के व्यापारियों की सुनीं समस्याएं, मौके पर हुआ निपटारा

पठानकोट, 25 मार्च, 2026 ,पंजाब राज्य ट्रेडर कमीशन द्वारा व्यापारियों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित समाधान के लिए चलाई जा रही ‘हल्का वार’ बैठकों की लड़ी के तहत आज बमियाल के मुख्य बाजार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता ट्रेडर कमीशन (आबकारी एवं कराधान विभाग, पंजाब सरकार) के चेयरमैन डॉ. अनिल भारद्वाज और हल्का इंचार्ज/चेयरपर्सन करणदीप ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में पंजाब राज्य पर्यटन आयोग के सदस्य धर्मेंद्र सिंह शेरू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सरकार व्यापारियों के द्वार: डॉ. अनिल भारद्वाज
संबोधन के दौरान डॉ. अनिल भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा, “व्यापारियों के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर बुलाए गए हैं ताकि दुकानदारों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।”
कारोबार को सरल बनाना मुख्य लक्ष्य
राज्य सदस्य धर्मेंद्र सिंह शेरू ने कहा कि ट्रेडर कमीशन का गठन ही व्यापारियों, दुकानदारों और उद्यमियों के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (कारोबार में सुगमता) सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। वहीं, हल्का भोआ की चेयरपर्सन करणदीप ने बताया कि बैठक के दौरान व्यापारियों की शिकायतों को बहुत ध्यान से सुना गया और उनमें से कई का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।

इन मुद्दों पर दिया गया भरोसा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि:
- GST संबंधित जटिलताएं: इन्हें प्राथमिकता पर सुलझाया जाएगा।
- बुनियादी सुविधाएं: बिजली और पानी की आपूर्ति से जुड़े स्थानीय मुद्दों का समयबद्ध समाधान होगा।
- प्रशासनिक सुधार: व्यापारियों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
व्यापारियों ने जताया आभार
बमियाल क्षेत्र के बड़ी संख्या में मौजूद व्यापारियों ने सरकार की इस पहल की सराहना की। व्यापारियों ने कहा कि कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क द्वारा भी समय-समय पर उनके मुद्दों को हल किया जाता है, और अब कमीशन का सीधे उनके पास आना एक सराहनीय कदम है।

उपस्थिति:
इस अवसर पर सरपंच मनीष महाजन, सदस्य विकास सिंह, नितिन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








