मनकीरत औलख को बंबीहा गैंग की खुली धमकी: ‘सुरक्षा बढ़ा लो, अब अगला नंबर तुम्हारा’
चंडीगढ़ मर्डर की जिम्मेदारी लेने के साथ ही गैंगस्टर लक्की पटियाल ने जारी किया ऑडियो

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बार फिर सनसनीखेज खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी किसी और ने नहीं, बल्कि बंबीहा गैंग के कुख्यात गैंगस्टर लक्की पटियाल ने दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में गैंगस्टर खुलेआम औलख को निशाना बनाने की बात कह रहा है।
‘गनमैन रख लो, फर्क नहीं पड़ेगा’
वायरल ऑडियो में गैंगस्टर दावा कर रहा है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हुए हालिया हत्याकांड के बाद कुछ लोगों में दहशत है। गैंगस्टर ने सीधे तौर पर मनकीरत को चुनौती देते हुए कहा:
”सुरक्षा बढ़ाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। गायक जितने चाहे मर्जी गनमैन रख ले, अब अगला नंबर उसका ही है। वह मोहाली में बैठा रहता है और विदेश की लोकेशन वाली स्टोरी डालता रहता है।”

सेक्टर-9 हत्याकांड से जुड़ा है मामला
बता दें कि बीते बुधवार (18 मार्च) को चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की दिन-दहाड़े 12 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया पर इस कत्ल की जिम्मेदारी लेते हुए आरोप लगाया कि मृतक उनके विरोधियों को जानकारी पहुँचा रहा था। इसी वारदात के बाद अब मनकीरत औलख का नाम सामने आने से पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस की चिंता बढ़ गई है।
तीसरी बार मिली जान से मारने की धमकी
यह पहली बार नहीं है जब मनकीरत औलख को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी गायक को दो बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद से ही औलख की सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल खड़े हुए हैं और वे सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रहे हैं।

जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
धमकी भरा ऑडियो सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है और गायक की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गैंगस्टर के नेटवर्क को खंगाल रही है।








