करोड़ों के चेक बाउंस मामले में विधायक अनमोल गगन मान के पति समेत 3 को जेल
डेराबस्सी कोर्ट का बड़ा फैसला: 2-2 साल की सजा और जुर्माना; 3.5 करोड़ की धोखाधड़ी का था मामला

डेराबस्सी/चंडीगढ़: पंजाब के खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डेराबस्सी की एक अदालत ने करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए शाहबाज सिंह सोही समेत तीन लोगों को दोषी करार दिया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास परनीत कौर की अदालत ने तीनों दोषियों को दो-दो साल की कैद और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
7 साल बाद आया फैसला
यह कानूनी लड़ाई पिछले सात वर्षों से चल रही थी। अदालत ने लंबी सुनवाई के बाद शाहबाज सिंह सोही (निवासी चंडीगढ़), जतिंदर सिंह नोनी और नछत्तर सिंह को दोषी पाया। हालांकि, फैसला सुनाए जाने के तुरंत बाद तीनों दोषियों ने जमानत राशि जमा कर दी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही जमानत मिल गई।

क्या था पूरा विवाद?
मामले की जड़ें साल 2018 से जुड़ी हैं। जीरकपुर के पूर्व सरपंच जसपाल सिंह के भाई कमलजीत सिंह कामा ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी।
-
- आरोप: दोषियों की कंपनी ‘मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डकॉन’ ने राजपुरा में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत करोड़ों रुपये के प्लॉट बेचने का सौदा किया था।
- धोखाधड़ी: सौदा सिरे न चढ़ने पर आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 3.5 करोड़ रुपये का चेक दिया।
- चेक बाउंस: जब यह चेक बैंक में लगाया गया, तो वह बाउंस हो गया, जिसके बाद कमलजीत सिंह ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।
”आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत ठगी की थी। सात साल के लंबे इंतजार के बाद आज अदालत ने हमारे पक्ष को सही माना है। यह न्याय की जीत है।”
— कमलजीत सिंह कामा (शिकायतकर्ता)

कानूनी प्रक्रिया और सजा
शिकायतकर्ता के वकील भारत जोशी के अनुसार, अदालत ने गवाहों और सबूतों के आधार पर माना कि चेक जानबूझकर बाउंस कराए गए थे। सजा सुनाए जाने के बाद अब यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि शाहबाज सिंह सोही पंजाब की कैबिनेट मंत्री रह चुकीं और वर्तमान विधायक अनमोल गगन मान के पति हैं।








