ऊना: निजी बस की टक्कर से 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिजनों में कोहराम

अम्ब (ऊना): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस थाना अम्ब के तहत कैलाश नगर नकड़ोह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 90 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान सरण दास पुत्र सुंदर दास, निवासी कैलाश नगर नकड़ोह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

लिंक रोड पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते दिन कैलाश नगर नकड़ोह स्थित लिंक रोड पर पेश आया। सरण दास पैदल रास्ते से जा रहे थे, तभी रूट पर जा रही एक निजी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए दौलतपुर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
दौलतपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन सिर पर गंभीर चोट की आशंका के चलते उन्हें सीटी स्कैन के लिए अम्ब रेफर कर दिया गया। परिजन बुजुर्ग को सीटी स्कैन करवाकर वापस अस्पताल ला ही रहे थे कि रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
”पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। निजी बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”








