हरोली: खेतों में मिला पंजाब के युवक का शव, नशे की ओवरडोज की आशंका

भदसाली पुल के पास मिली बाइक और सिरिंज; मृतक की पहचान आनंदपुर साहिब के युवक के रूप में हुई
हरोली/ऊना : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तहत हरोली उपमंडल के गांव भदसाली में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेतों के किनारे एक 23 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज का माना जा रहा है। पुलिस ने शव के पास से एक मोटरसाइकिल और इंजेक्शन की सिरिंज बरामद की है।
नाक से निकल रहा था झाग
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि भदसाली पुल के पास एक युवक बेसुध पड़ा है। पंडोगा पुलिस चौकी के एएसआई चैन सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवक के शरीर पर चोट या मारपीट का कोई निशान नहीं मिला, लेकिन उसकी नाक से झाग निकल रहा था। घटनास्थल पर मिली सिरिंज और अन्य साक्ष्यों से पुलिस ‘चिट्टे’ या किसी अन्य नशीले पदार्थ की ओवरडोज की आशंका जता रही है।
मृतक की हुई शिनाख्त
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान विशाल कुमार उर्फ शैली (23) पुत्र अमरजीत सिंह के रूप में हुई है। वह पड़ोसी राज्य पंजाब के जिला रूपनगर के थाना आनंदपुर साहिब के अंतर्गत आते गांव हरियाल का रहने वाला था।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हरोली मोहन रावत और थाना प्रभारी सुनील कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ मौके का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है।
“शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखवा दिया गया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।”
— मोहन रावत, डीएसपी हरोली

पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है।








