भाई से झगड़कर नहर में कूदी किशोरी, बचाने उतरा मामा पानी के तेज बहाव में बहा

खन्ना/पटियाला (राष्ट्रीय कॉलोनी):नैशनल कॉलोनी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अपने भाई से मामूली कहासुनी के बाद गुस्से में आकर एक 16 वर्षीय किशोरी ने सरहिंद नहर में छलांग लगा दी। उसे बचाने के प्रयास में नहर में कूदा उसका मामा पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और लापता हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, नैशनल कॉलोनी की रहने वाली कोमल (16) का अपने भाई के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। भाई से नाराज होकर कोमल घर के पास से गुजरती सरहिंद नहर पर पहुंची और उसमें कूद गई।
जैसे ही परिजनों को इस बात का पता चला, कोमल का मामा पंकज कुमार उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे नहर में कूद गया। हालांकि, नहर में पानी का बहाव इतना तेज था कि पंकज खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते पानी की लहरों में बह गया।

राहगीर ने दिखाई बहादुरी
इसी दौरान वहां मौजूद एक राहगीर पिंटू ने साहस का परिचय दिया। उसने अन्य लोगों की मदद से मशक्कत कर कोमल को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक पंकज कुमार आंखों से ओझल हो चुका था।

तलाश अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एन.डी.आर.एफ. (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नहर में बहे पंकज कुमार की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक पंकज का कोई सुराग नहीं लग पाया था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








