कुल्लू: स्कूटी और बाइक की भीषण टक्कर, भुंतर के युवक की मौत, दो घायल

कुल्लू/भुंतर : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में भुंतर-गड़सा मार्ग पर चूटी बिहाल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान गगन जसवाल निवासी भुंतर के रूप में हुई है।

कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय पेश आया जब चूटी बिहाल के समीप भुंतर की ओर आ रही एक स्कूटी और सामने से आ रही एक बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चालक गगन जसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य लोग भी इस हादसे में चोटिल हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसपी कुल्लू, मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
“पुलिस ने बाइक चालक राहुल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।”








