चुराह: ड्यूटी पर तैनात वन मित्र पर जानलेवा हमला, डंडों से पीटा

– पिकअप सवार हमलावरों ने वन कर्मी की पसलियां तोड़ी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
चंबा/तीसा:चंबा जिले के चुराह वनमंडल के अंतर्गत आने वाली खैरना बीट में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक वन मित्र के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने वन मित्र पर डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गश्त के दौरान घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना 24 फरवरी की है। खैरना बीट में तैनात 25 वर्षीय वन मित्र ओम प्रकाश (निवासी सागवाड़ी) अपने साथी वन रक्षक सतीश कुमार के साथ नियमित गश्त पर थे। जब वे खैरना गांव के पास सड़क किनारे पहुंचे, तो अयाल की तरफ से आ रही एक पिकअप गाड़ी उनके पास रुकी।
आरोप है कि गाड़ी से उतरते ही चालक और उसके साथी ने बिना किसी उकसावे के ओम प्रकाश को गालियां देना शुरू कर दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने डंडों से उन पर वार कर दिया। इस हमले में ओम प्रकाश के हाथों और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। साथ मौजूद वन रक्षक सतीश कुमार ने जब बीच-बचाव किया, तब कहीं जाकर हमलावर वहां से हटे।

BNS के तहत मामला दर्ज
हमले के बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर सदारूनी की तरफ भाग निकले। घायल वन मित्र का तीसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मेडिकल करवाया गया है, जहां उनकी चोटों की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
“वन मित्र पर हमले की शिकायत मिलते ही पुलिस थाना तीसा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।”
— विजय कुमार सकलानी, एसपी चंबा








