नूरपुर पुलिस की अवैध खनन पर सर्जिकल स्ट्राइक; 24 घंटे में 11 वाहन धरे

नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन माफिया के खिलाफ अपने तेवर कड़े कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त 11 वाहनों के चालान काट भारी जुर्माना वसूला है। यह कार्रवाई खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत अमल में लाई गई है।
जवाली में एसडीपीओ ने संभाली कमान
सबसे बड़ी कार्रवाई जवाली थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहाँ एसडीपीओ जवाली की मौजूदगी में पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की थी। 32 मील और कोटला क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई के दौरान 3 टिप्पर और 1 ट्रक को अवैध खनन सामग्री के साथ पकड़ा गया। वहीं, जवाली के अन्य हिस्सों में 2 ट्रैक्टरों के भी चालान किए गए।

डमटाल और फतेहपुर में भी पुलिस का डंडा
फतेहपुर थाना के रियाली क्षेत्र में भी पुलिस ने दबिश दी, जहाँ अवैध खनन गतिविधियों में शामिल 4 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, डमटाल थाना के तहत पुलिस पोस्ट ढांगूपीर क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर का चालान काटा गया।

पुलिस की चेतावनी: पुलिस अधीक्षक कार्यालय नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे ऐसे अवैध कार्यों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।









