चंबा में खौफनाक वारदात: मानसिक तनाव में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, खुद भी की आत्महत्या

चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। विकास खंड मैहला की लोथल पंचायत में एक मानसिक रूप से परेशान और शराब के आदी व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दोहरे कांड से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
भतीजे ने देखा खून से लथपथ मंजर
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, मृतक सरवन कुमार का भतीजा जब सुबह गोशाला की ओर जा रहा था, तो उसने आंगन में पेड़ से अपने ताया (सरवन कुमार) को लटका हुआ देखा। डर के मारे जब वह घर के अंदर गया, तो रसोईघर में उसकी ताई अंजू देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था। मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया दराट भी बरामद हुआ है।

मानसिक तनाव और शराब बनी वजह
मृतक के भाई सुभाष कुमार ने पुलिस को बताया कि सरवन कुमार लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अत्यधिक शराब पीने का आदी था। शराब के नशे में वह अक्सर घर में क्लेश करता था। इससे पहले भी उसने दो बार आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन तब परिजनों ने उसे बचा लिया था। मंगलवार रात जब घर में सिर्फ पति-पत्नी ही थे, तब सरवन ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़
दंपती के तीन बच्चे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 16 वर्षीय बेटा वारदात के समय रिश्तेदार के घर गया हुआ था। सुबह जब वह वापस लौटा, तो अपने माता-पिता की मौत की खबर सुनकर वह बदहवास हो गया।

पुलिस की जांच जारी
मामले की पुष्टि करते हुए चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक जांच में यह घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव का मामला लग रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।








