महाशिवरात्रि पर साहो के चंद्रशेखर मंदिर में आस्था का सैलाब, नंदी की पत्थर की घंटी से गूंजी धातु की आवाज

चंबा:हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पावन पर्व महाशिवरात्रि चंबा के विभिन्न शिव मंदिरों में बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर साहू स्थित ऐतिहासिक भगवान चंद्रशेखर मंदिर में इस वर्ष पिछले वर्षों के मुकाबले रिकॉर्ड तोड़ भीड़ देखने को मिली। हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार सहित भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचे।

इस मंदिर की मान्यता है कि यहाँ के पुजारी को 7 फीट ऊंचे शिवलिंग की पूजा करने के लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ता है, जो अपने आप में अनूठा है। श्रद्धालुओं के लिए एक और आकर्षण का केंद्र मंदिर के सम्मुख विराजमान नंदी जी महाराज की मूर्ति है। मान्यता है कि नंदी जी के गले में लटकी पत्थर की घंटी जब बजाई जाती है, तो उसमें से धातु (Metal) जैसी आवाज आती है, जो श्रद्धालुओं के लिए एक चमत्कार से कम नहीं है।

भक्तिमय माहौल के बीच, श्रद्धालुओं ने जगह न मिलने पर ऊंची चोटियों पर बैठकर शिवरात्रि का भरपूर आनंद लिया। इस पावन अवसर पर चंबा सदर के विधायक नीरज नय्यर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने चंद्रशेखर मंदिर में चल रहे हवन कुंड में पवित्र आहुति डालकर स्वयं को धन्य किया। विधायक नीरज नय्यर ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक बधाई दी।








