महाशिवरात्रि पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने चटपट बनी मंदिर में टेका मत्था, जिलेवासियों को दीं शुभकामनाएं

पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले तथा वन एवं वन्य जीव सुरक्षा मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने आज पावन महाशिवरात्रि के अवसर पर विधानसभा हलका भोआ के अंतर्गत आते प्रसिद्ध प्राचीन मंदिर ‘चटपट बनी’ (कटारूचक्क) में पहुंचकर भगवान शिव शंकर के दर्शन किए और नतमस्तक हुए।
इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और कटारूचक्क गाँव की सरपंच उर्मिला देवी व अन्य पारिवारिक सदस्य भी मौजूद थे। मंत्री ने मंदिर परिसर में माथा टेककर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

भाईचारे का दिया संदेश
मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि धर्म हमेशा लोगों को जोड़ने का काम करता है, यह किसी एक वर्ग के लिए नहीं होता। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक त्यौहार सांझे हैं, जो आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने जिला निवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी को मिल-जुल कर त्यौहार मनाने का आह्वान किया।

महंत शंकर नाथ ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मंदिर के महंत जोगी शंकर नाथ जी ने कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और अन्य पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
प्राचीन धार्मिक स्थल है ‘चटपट बनी’
गौरतलब है कि पठानकोट जिले के भोआ हलके में स्थित यह प्राचीन मंदिर अटूट आस्था का केंद्र है। यहाँ महंत जोगी शंकर नाथ जी गद्दी पर विराजमान हैं और मंदिर की स्थापना के समय से ही यहाँ ‘धूणा’ निरंतर प्रज्वलित है। हर साल शिवरात्रि के पावन अवसर पर यहाँ विशाल जनसमूह उमड़ता है और दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान भोले शंकर के दर्शनों के लिए आते हैं। मंदिर कमेटी द्वारा इस अवसर पर विशाल लंगर का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर रॉबिन सिंह, पवन कुमार फौजी (संगठन इंचार्ज), ठाकुर भूपिंदर सिंह मून्ना (सदस्य जिला परिषद), सरपंच लवली मंजीरी, सरपंच विकास नंगल फरीदा, मित्तू धोबड़ा, पंकज कटारूचक्क, हेमराज मेंबर, भूपिंदर सिंह मेंबर, सुमित कटारूचक्क सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।








