अमरनाथ यात्रा 2026: बीमा कवर 10 लाख हुआ, 29 जून को प्रथम पूजा

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल और श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने वीरवार को श्राइन बोर्ड की 50वीं महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों और प्रबंधों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
29 जून को प्रथम पूजा, लेजर शो से सजेगी यात्रा
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर 29 जून को ‘प्रथम पूजा’ आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, बाबा बर्फानी को समर्पित एक भव्य लेजर और साउंड शो को भी मंजूरी दी गई है। यह शो जम्मू और श्रीनगर दोनों शहरों में होस्ट किया जाएगा, जो केंद्र शासित प्रदेश के समृद्ध आध्यात्मिक इतिहास को एक ‘कल्चरल लाइट हाऊस’ के तौर पर प्रदर्शित करेगा। यात्रा की औपचारिक शुरुआत की तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।

बीमा कवर दोगुना, कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी योजनाएं
तीर्थयात्रियों के अनुभव और सुविधा को बढ़ाने के लिए बोर्ड ने कई बड़े फैसले लिए हैं:
- बीमा कवर बढ़ा: पंजीकृत यात्रियों, सेवा प्रदाताओं, सुरक्षा कर्मियों, मौसमी श्रमिकों और पुजारियों के लिए दुर्घटना बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है।
- कर्मचारी कल्याण: श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को मंजूरी दी गई।

BRO ने चौड़े किए ट्रैक, सुरक्षा पर विशेष जोर
उप-राज्यपाल ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर शौचालय सुविधाओं और तीर्थयात्रियों व सुरक्षा कर्मियों के लिए बारिश से बचाव हेतु शेल्टर शेड (आश्रयों) के निर्माण के निर्देश दिए हैं।
सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा की जा रही तैयारियों का रिव्यू करते हुए बताया गया कि बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैक को चौड़ा करने का काम प्रगति पर है। इसके अलावा, बैठक में मौसम पूर्वानुमान सिस्टम, डिजिटल प्री-पेड सिस्टम और संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।








