पठानकोट हलके से ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का आगाज, वरिष्ठ नागरिकों का जत्था रवाना

पंजाब की मान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ की शुरुआत आज पठानकोट हलके में बड़े उत्साह के साथ की गई। रविवार सुबह 9 बजे हलका इंचार्ज विभूति शर्मा ने वार्ड नंबर–1 से तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी और सरकार के प्रति आभार का भाव साफ दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की बड़ी पहल
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विभूति शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का लक्ष्य पंजाब के हर बुजुर्ग को उनके आराध्य स्थलों के दर्शन कराना है। इस योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पूरी तरह निःशुल्क यात्रा करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय यात्रा पूरी तरह नियोजित है ताकि बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इन प्रमुख स्थलों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु निम्नलिखित धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करेंगे:
- श्री हरिमंदिर साहिब (अमृतसर)
- जलियांवाला बाग और अटारी–वाघा बॉर्डर
- श्री राम मंदिर एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल

भोजन, ठहरने और गाइड की मुफ्त सुविधा
सरकार की ओर से यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के दौरान अनुभवी गाइड यात्रियों के साथ रहेंगे जो स्थलों के महत्व के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही, यात्रियों के लिए उत्तम भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी पंजाब सरकार द्वारा निःशुल्क सुनिश्चित की गई है।

चरणबद्ध तरीके से कवर होगा पूरा हल्का
विभूति शर्मा ने कहा कि फिलहाल इसकी शुरुआत वार्ड नंबर-1 से हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में पठानकोट के सभी वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह चरणबद्ध तरीके से यात्राएं आयोजित की जाएंगी ताकि कोई भी पात्र नागरिक इस लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के स्टेट सेक्रेटरी सौरव बहल, एम.सी. हरप्रीत कौर वालिया, जतिन वालिया, सोशल मीडिया इंचार्ज नितिन, विरासत सेवा संगठन के हल्का कोऑर्डिनेटर ध्रुव सिंह, पुनीत ओहरी, शिवम् शर्मा सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








