जालंधर: प्रधानमंत्री मोदी का पंजाब दौरा आज, श्री गुरु रविदास जी के नाम पर होगा आदमपुर एयरपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी रविवार को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। श्री गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री जालंधर के प्रमुख धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में नस्तक होंगे। इस यात्रा के दौरान पंजाब को विमानन क्षेत्र (Aviation Sector) में दो बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं।

आदमपुर एयरपोर्ट का बदला स्वरूप
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही आदमपुर एयरपोर्ट परिसर में बड़े बदलाव किए गए हैं। एयरपोर्ट के मुख्य गेट और परिसर में ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट’ के नाम वाले बोर्ड लगा दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आज डेरा बल्लां से औपचारिक रूप से इस नाम परिवर्तन की घोषणा करेंगे। यह कदम गुरु रविदास जी के प्रति सम्मान प्रकट करने और अनुयायियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के रूप में देखा जा रहा है।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- दोपहर 3:35 बजे: प्रधानमंत्री मोदी का विमान आदमपुर एयरपोर्ट पर उतरेगा।
- स्वागत समारोह: आदमपुर एयरपोर्ट पर पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक केडी भंडारी सहित पार्टी की लीडरशिप पीएम का स्वागत करेगी।
- शाम 4:30 बजे: पीएम मोदी हेलिकॉप्टर के जरिए पठानकोट नेशनल हाईवे स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे।
- डेरा दर्शन: प्रधानमंत्री यहां करीब 40 से 55 मिनट तक रुकेंगे, मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से मुलाकात करेंगे।
लुधियाना को मिलेगा हलवारा एयरपोर्ट का तोहफा
इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर नवनिर्मित सिविल टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। लुधियाना के औद्योगिक और व्यापारिक जगत के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे इस क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जालंधर और आदमपुर के आसपास के इलाकों को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने डेरा बल्लां और एयरपोर्ट के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा कवच तैयार किया है। भाजपा नेता केडी भंडारी ने बताया कि कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।








