दवाई की कड़वाहट मिटाने के चक्कर में युवती ने चॉकलेट समझ खाया जहर, अस्पताल में भर्ती

धर्मशाला | पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत मोहली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने दवाई की कड़वाहट दूर करने के चक्कर में गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवती की पहचान मध्य प्रदेश की निवासी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपने माता-पिता के साथ धर्मशाला के समीपवर्ती मोहली में किराए के कमरे में रह रही है।
गलती से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, युवती पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी। शुक्रवार देर रात उसने बुखार की दवाई ली। दवाई के कारण मुंह का स्वाद कड़वा हो गया था। कड़वाहट मिटाने के लिए उसने चॉकलेट ढूंढनी चाही, लेकिन अंधेरे या गफलत में उसने चॉकलेट की जगह कमरे में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।

पुलिस को अस्पताल से मिली सूचना
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत युवती को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में भर्ती करवाया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर धर्मशाला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवती के बयान दर्ज किए। युवती ने पुलिस को बताया कि यह सब महज एक दुर्घटना थी और उसने गलती से जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया।
”युवती के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला गलती से जहरीला पदार्थ खाने का लग रहा है। पुलिस नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।”
— बीर बहादुर, एएसपी कांगड़ा

हालत स्थिर
फिलहाल युवती का उपचार धर्मशाला अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो सके।









