बॉर्डर 2: ‘टेढ़ी स्माइल’ पर ट्रोल करने वालों को वरुण धवन का करारा जवाब, बोले- ‘पूरा भारत मेरे साथ मुस्कुरा रहा है’

अपनी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभा रहे वरुण धवन इन दिनों अपनी ‘मुस्कान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म के गाने ‘घर कब आओगे’ में उनके एक खास एक्सप्रेशन (टेढ़ी मुस्कान) पर सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। हालांकि, ट्रोलिंग का सामना करने के बजाय वरुण ने इसे बेहद सकारात्मक अंदाज में लिया है।

’स्माइल क्लास’ और इंस्टाग्राम लाइव
बुधवार को वरुण अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए कारवार नौसेना बेस जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर प्रशंसकों से बात की। उनके साथ मशहूर सिंगर विशाल मिश्रा भी मौजूद थे। लाइव के दौरान माहौल को हल्का रखते हुए वरुण ने हंसकर कहा, “मुझे पता है मेरी स्माइल ट्रेंड कर रही है।” इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी वही सिग्नेचर स्माइल फिर से दी और विशाल को भी ‘टेढ़ी मुस्कान’ के टिप्स दिए।
विशाल मिश्रा को दिए ‘टिप्स’
वरुण ने मस्ती भरे अंदाज में विशाल को सिखाया कि कैसे यह ट्रेंडिंग स्माइल करनी है। उन्होंने कहा— “पूरी तरह से मुस्कुराओ और फिर अपनी मुस्कान को एक तरफ से नीचे की ओर झुकाओ।” इसके बाद दोनों कलाकार जोर-जोर से हंसने लगे। वरुण ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि आज पूरा भारत उनके साथ मुस्कुरा रहा है।

एक्टिंग पर सवाल उठाने वालों को दिया ‘हिट’ जवाब
हाल ही में जब एक सोशल मीडिया यूजर ने उनकी एक्टिंग पर सवाल उठाते हुए पूछा, “भाई आपकी एक्टिंग पर सवाल उठ रहा है लोग, उसके लिए क्या बोलेगा?” तो वरुण ने अपनी हाजिरजवाबी से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने जवाब दिया— “इसी सवाल ने गाना हिट करा दिया। सब एन्जॉय कर रहे हैं- रब दी मेहर।”
23 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ में वरुण धवन के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी नजर आएंगे। फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। जहां कुछ लोग वरुण के लुक और एक्टिंग पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं शहीद मेजर होशियार सिंह की पत्नी ने भी हाल ही में वरुण से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया है।









