पॉलीवूड स्टार परमीश वर्मा और गुनीत ग्रेवाल के रास्ते हुए अलग? सोशल मीडिया पर तलाक की खबरें तेज

चंडीगढ़: मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता परमीश वर्मा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ रिपोर्ट्स और अदालती दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट ने उनके फैंस को चौंका दिया है। दावा किया जा रहा है कि परमीश वर्मा और उनकी पत्नी गुनीत ग्रेवाल ने तलाक लेने का फैसला कर लिया है।
वायरल स्क्रीनशॉट ने मचाई खलबली
इंटरनेट पर ‘On Air’ जैसे कई सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा एक तस्वीर साझा की जा रही है, जिसमें ब्रिटिश कोलंबिया (कनाडा) की एक अदालती फाइल का विवरण दिखाया गया है। इस दस्तावेज में परमीश वर्मा और गुनीत ग्रेवाल का नाम ‘Family Law Proceedings’ के तहत दर्ज है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुनीत ग्रेवाल ने आपसी सहमति या निजी कारणों से हमेशा के लिए अलग होने का मन बना लिया है।

2021 में हुई थी शाही शादी
बता दें कि परमीश और कनाडा की नामचीन वकील व राजनीतिज्ञ गुनीत ग्रेवाल की शादी अक्टूबर 2021 में बेहद शाही अंदाज में हुई थी। दोनों की एक प्यारी बेटी सदा (Sada) भी है। लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ खुशहाल तस्वीरें साझा करने के बाद, अचानक आई इस खबर ने प्रशंसकों को हताश कर दिया है।
क्या है सच्चाई?
हालांकि, इस खबर पर अभी तक न तो परमीश वर्मा और न ही गुनीत ग्रेवाल की ओर से कोई आधिकारिक बयान (Official Statement) जारी किया गया है। सोशल मीडिया पर चल रहे दावों की पुष्टि होना अभी बाकी है। कई प्रशंसक इसे केवल अफवाह मान रहे हैं, वहीं कुछ का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी।

नोट: अभी तक यह खबर केवल सोशल मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल हो रहे कथित कानूनी दस्तावेजों पर आधारित है। हमारी टीम इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है।









