पुंछ: तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति फरार; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

पुंछ : जिले की मंडी तहसील के दूरदराज गांव जंदरोला में सोमवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय एक महिला का खून से लथपथ शव उसके घर में मिला। मृतका की पहचान आसिया कोसर, पत्नी मोहम्मद जहांगीर के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतका का पति मौके से फरार है, जिसके चलते हत्या का शक गहरा गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतका आसिया और उसके पति के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। पारिवारिक विवाद के कारण आसिया घर छोड़कर राजौरी स्थित शाहदरा शरीफ दरगाह चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मंडी थाने में दर्ज कराई गई थी। रविवार को पुलिस ने उसे शाहदरा शरीफ से बरामद कर परिजनों और पति को इस शर्त पर सौंपा था कि सोमवार को दोनों पक्षों के बीच आधिकारिक सुलह करवाई जाएगी।
तड़के सुनाई दी चीखें
मृतका के भाई मोहम्मद खालिद ने बताया, “कल शाम पुलिस की मौजूदगी में सहमति बनने के बाद आसिया अपने ससुराल चली गई थी। आज सुबह करीब साढ़े तीन बजे मेरी पत्नी ने मुझे जगाया और बताया कि बहन के घर से चिल्लाने की आवाजें आ रही हैं। जब मैं भागकर वहां पहुंचा, तो आसिया खून से लथपथ पड़ी थी और उसका पति जहांगीर फरार हो चुका था।”

पुलिसिया कार्रवाई और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही मंडी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल, पुंछ भेजा। पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका के सास-ससुर (जो रिश्ते में आसिया के मौसा-मौसी भी हैं) को हिरासत में लिया है।
मेडिकल रिपोर्ट का खुलासा
पोस्टमार्टम करने वाली मेडिकल अधिकारी डॉ. रूबीना ने बताया कि मृतका के सिर पर किसी भारी वस्तु से गहरी चोट पहुंचाई गई थी, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बनी है। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए सैंपल ले लिए हैं।

पुलिस की तलाश जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पति मोहम्मद जहांगीर की तलाश तेज कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए मायके पक्ष को सौंप दिया गया है। गांव में इस नृशंस हत्या के बाद मातम और तनाव का माहौल है।








