प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: सात साल के रिश्ते के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

पठानकोट/कोटली: पंजाब के जिला पठानकोट के अंतर्गत आते गांव कोटली में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेम प्रसंग के चलते 24 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव चेला आमटा निवासी गुरदास राम के रूप में हुई है।
धोखे से घर बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
परिजनों के अनुसार, गुरदास का पिछले सात वर्षों से गांव कोटली की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। मृतक के पिता बलविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार वालों ने साजिश के तहत गुरदास को फोन करके अपने घर बुलाया। घर पहुँचते ही उसे बंधक बना लिया गया और बेरहमी से उसकी पिटाई की गई।

बेटे ने पिता को फोन पर मांगी थी मदद
बलविंदर कुमार ने बताया कि गुरदास ने घायल अवस्था में उन्हें फोन किया था और बताया था कि उसे घर के अंदर कैद कर लिया गया है। जब परिवार वाले मौके पर पहुंचे, तो गुरदास गंभीर रूप से घायल था। उसे तुरंत पठानकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आर्थिक शोषण का भी आरोप
मृतक के ताया ने बताया कि गुरदास पिछले कई सालों से लड़की के परिवार की हर आर्थिक जरूरत को पूरा कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार ने गुरदास की सात साल की कमाई खा ली और हाल ही में वह उन्हें 20-25 हजार रुपये भी देकर आया था। युवक पेशे से ट्रैक्टर चलाता था और मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था।

न्याय की गुहार
मृतक के पिता ने रोते हुए बताया कि गुरदास उनका इकलौता बेटा था। दुखी परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें फांसी की सजा दी जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








