पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले की खबर से पीएम मोदी चिंतित, शांति की अपील की

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। मंगलवार को ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और केवल कूटनीतिक प्रयास ही स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
मोदी ने कहा- कूटनीति ही एकमात्र रास्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और संबंधित पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए लिखा, “रूसी संघ के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाने की खबरों से बहुत चिंतित हूं। दुश्मनी खत्म करने और शांति पाने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयास ही सबसे सही रास्ता हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी कोई भी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए जो शांति वार्ता की कोशिशों को कमजोर करे।

रूस का दावा: 91 ड्रोन से हुआ हमला
यह विवाद तब शुरू हुआ जब रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया कि रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को यूक्रेन ने रूस के नोवगोरोड क्षेत्र (मास्को के उत्तर में) स्थित पुतिन के आवास पर 91 लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया। लावरोव के अनुसार, सभी ड्रोन को मार गिराया गया और कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, उन्होंने इसे ‘राज्य प्रायोजित आतंकवाद’ करार देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

ट्रंप ‘स्तब्ध’, यूक्रेन ने आरोपों को नकारा
खबरों के मुताबिक, रूसी विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना की जानकारी दी, तो वे “स्तब्ध” रह गए। ट्रंप ने इस घटना को “पागलपन” बताया है। दूसरी ओर, यूक्रेन ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। यूक्रेन का कहना है कि यह रूस की ओर से शांति वार्ता को पटरी से उतारने और नए हमलों को जायज ठहराने की एक साजिश है।








