विजय हजारे ट्रॉफी: लगातार दूसरे शतक से चूके ‘किंग’ कोहली, ऋषभ पंत ने भी दिखाया दम

नई दिल्ली: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का शानदार फॉर्म विजय हजारे ट्रॉफी में भी जारी है। शुक्रवार को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) स्टेडियम में गुजरात के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोहली भले ही लगातार दूसरा शतक जड़ने से चूक गए, लेकिन उनकी 77 रनों की तूफानी पारी ने दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।
महज 61 गेंदों में बरपाया कहर
आंध्र प्रदेश के खिलाफ पिछले मैच में 131 रनों की यादगार पारी खेलने वाले विराट कोहली आज अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने केवल 61 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कोहली जब बल्लेबाजी के लिए आए, तब दिल्ली की स्थिति नाजुक थी और टीम ने महज 2 रन पर अपना पहला विकेट (प्रियांश आर्य) खो दिया था। कोहली ने अर्पित राणा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की और पारी को संभाला।
विशाल जायसवाल ने रोका ‘विराट’ तूफान
जिस तरह से कोहली खेल रहे थे, लग रहा था कि वह एक और शतक अपने नाम कर लेंगे। लेकिन गुजरात के गेंदबाज विसाल जायसवाल ने उन्हें अपनी फिरकी में फँसा लिया। जायसवाल की गेंद पर विकेटकीपर उर्विल पटेल ने कोहली को स्टंप आउट कर पवेलियन की राह दिखाई। कोहली के आउट होते ही दिल्ली का स्कोर 108/4 हो गया।

कप्तान ऋषभ पंत की जुझारू पारी
विराट के आउट होने के बाद पारी की कमान कप्तान ऋषभ पंत ने संभाली। पंत ने कप्तानी पारी खेलते हुए 79 गेंदों में 70 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे। पंत और कोहली के अर्धशतकों की बदौलत दिल्ली ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 254 रन बनाए।
रिकॉर्ड्स की बौछार: बेवन को छोड़ा पीछे
अपनी 77 रनों की इस पारी के दौरान विराट कोहली ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। वह अब लिस्ट-ए क्रिकेट (ODI+Domestic One Day) में दुनिया के सबसे ज्यादा औसत (57.87) वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज माइकल बेवन (57.86) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

मिशन 2027: फिटनेस और भूख बरकरार
टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके विराट कोहली का अब एकमात्र लक्ष्य 2027 का वनडे वर्ल्ड कप है। घरेलू क्रिकेट में उनकी यह सक्रियता और रनों के प्रति भूख दर्शाती है कि वह संन्यास से पहले भारत को एक बार फिर विश्व विजेता बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
स्कोर कार्ड एक नजर में:
विराट कोहली: 77 रन (61 गेंद)
ऋषभ पंत: 70 रन (79 गेंद)
दिल्ली का कुल स्कोर: 254/9 (50 ओवर)
गुजरात के लिए सफल गेंदबाज: विशाल जायसवाल








