तरनतारन: लापता सात वर्षीय मासूम का शव बंद घर से बरामद, हत्या की आशंका

झबाल (तरनतारन):तरनतारन के झबाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जगतपुरा में बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार दोपहर से लापता सात वर्षीय मासूम मनराज सिंह का शव गांव के ही एक बंद पड़े मकान से बरामद हुआ है। बच्चे के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पतंग उड़ाने के बहाने ले गया था चचेरा भाई
मृतक बच्चे की पहचान मनराज सिंह (7) पुत्र सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो कि मियांपुर गांव के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। मनराज की मासी रमनदीप कौर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे मनराज का चचेरा भाई उसे पतंग उड़ाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद जब शाम तक मनराज घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
बंद कमरे में बिखरी मिली तूतड़ी, चिमनी पर रखी थी चप्पलें
काफी खोजबीन के बाद, गांव के ही एक खाली पड़े मकान के कमरे में मनराज का शव पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे में तूतड़ी (भूसा) बिखरी हुई थी और बच्चे की चप्पलें पास ही एक चिमनी पर सलीके से रखी हुई थीं। बच्चे के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मनराज की हत्या कर शव को वहां फेंका गया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही झबाल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारी का कथन:
“हम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। स्थिति का बारीकी से मुआयना किया गया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— हरप्रीत सिंह, थाना प्रभारी, झबाल








