नए साल की दस्तक: पठानकोट में सुरक्षा का ‘कवच’, एयरबेस और सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात

पठानकोट | नए साल के आगमन को लेकर देशभर में जहां जश्न की तैयारियां हो रही हैं, वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण बेहद संवेदनशील माने जाने वाले जिला पठानकोट में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की सीमाओं से सटे इस जिले में व्यापक तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया जा रहा है।

एयरबेस और सिविल एयरपोर्ट के पास कड़ी नाकेबंदी
सुरक्षा के मद्देनजर आज पठानकोट पुलिस ने सिविल एयरपोर्ट और एयरबेस से सटे इलाकों को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया। पंजाब-हिमाचल सीमा के पास स्थित एयरबेस के आसपास के जंगलों और रिहायशी इलाकों में सघन चेकिंग की गई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य किसी भी तरह की शरारती या संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना है।

अंतरराज्यीय पुलिस का साझा तालमेल
पठानकोट पुलिस केवल अपने स्तर पर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों—हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर—की पुलिस के साथ मिलकर भी काम कर रही है। सीमाओं पर संयुक्त नाके लगाए गए हैं ताकि असामाजिक तत्व एक राज्य से दूसरे राज्य में दाखिल न हो सकें।








