अमृतसर: नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप, शादी को हुए थे सिर्फ 10 महीने

अमृतसर: अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुल्तान विंड रोड इलाके की एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मंदिर वाला बाजार निवासी 22 वर्षीय अनमोल के रूप में हुई है, जिसकी शादी को महज 10 महीने ही हुए थे। अनमोल का शव गुरुवार को उसके कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ मिला।
सिर्फ 10 महीने पहले हुई थी शादी, चूड़ा भी नहीं उतारा था
मृतका के पिता मनमोहन सिंह ने अपनी बेटी के ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अनमोल की शादी सिर्फ 10 महीने पहले हुई थी और उसने अभी तक अपनी शादी का चूड़ा भी नहीं उतारा था।
ससुराल वालों पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप
पिता मनमोहन सिंह के अनुसार, शादी के बाद से ही अनमोल की ननद, सास और ससुर उसे लगातार परेशान कर रहे थे। उनका आरोप है कि परिवार उसे गर्भवती न होने पर ताने मारता था।
ससुर पर बुरी नीयत रखने का गंभीर आरोप
मनमोहन सिंह ने एक अत्यंत संवेदनशील और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका ससुर उनकी बेटी पर बुरी नीयत रखता था। जब अनमोल ने इस बारे में अपने पति से शिकायत की तो उसने भी अपनी पत्नी को थप्पड़ मारे।
तबियत खराब होने की सूचना देकर बुलाया
मृतका के पिता ने बताया कि गुरुवार को उन्हें यह कहकर बुलाया गया था कि उनकी बेटी की तबियत ठीक नहीं है, लेकिन जब वे सुल्तान विंड रोड स्थित घर पहुंचे, तो उन्हें अनमोल का शव पंखे से लटका मिला और उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव कब्जे में लिया, जांच शुरू
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार के आरोपों के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नवविवाहिता की आत्महत्या से पूरे इलाके में शोक और रोष का माहौल है।








