सियासी घमासान: नवजोत कौर सिद्धू ने मिठ्ठू मदान को भेजा कानूनी नोटिस

चंडीगढ़/अमृतसर: पंजाब की राजनीति में नवजोत कौर सिद्धू के हालिया विवादित बयान को लेकर मचे बवाल के बीच अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। अपने बयान पर हुई बयानबाजी के जवाब में, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिठ्ठू मदान को कानूनी नोटिस भेजा है।
सिद्धू ने यह कदम मिठ्ठू मदान द्वारा उनके (सिद्धू के) बयान पर की गई कथित “गलत बयानबाजी” के बाद उठाया है।

नोटिस में लगाए गंभीर आरोप
नवजोत कौर सिद्धू ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि मिठ्ठू मदान द्वारा दिया गया बयान “झूठा, मनगढ़ंत और गुमराह करने वाला” है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी उनके “सार्वजनिक छवि को धूमिल करने” के उद्देश्य से की गई है और यह “राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ” है।
माफी मांगो या मानहानि का केस झेलो
नोटिस के अनुसार, नवजोत कौर सिद्धू ने मिठ्ठू मदान को 7 दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया है। सिद्धू ने चेतावनी दी है कि अगर वह ऐसा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रंधावा के नोटिस का भी दिया जवाब
बता दें कि हाल ही में सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से भी नवजोत कौर सिद्धू को कानूनी नोटिस जारी किया गया था। सिद्धू ने मिठ्ठू मदान को भेजे गए इस नोटिस में रंधावा के नोटिस का भी जवाब दिया है और इस पर कई सवाल खड़े किए हैं।
यह पूरा विवाद नवजोत कौर सिद्धू के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर 500 करोड़ रुपये के “अटैची” का जिक्र किया था। इस बयान के बाद ही पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है और एक के बाद एक लीगल नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
मामले के मुख्य बिंदु
विवाद का मूल: नवजोत कौर सिद्धू का 500 करोड़ रुपये के ‘अटैची’ वाला बयान।
नोटिस किसे: अमृतसर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मिठ्ठू मदान को।
नोटिस का कारण: झूठी और गुमराह करने वाली बयानबाजी।
मांग: 7 दिन के भीतर सार्वजनिक माफी।
चेतावनी: माफी न मांगने पर मानहानि का मुकदमा।








