पिछले साल 31 अक्टूबर को खत्म हो गया था सीनेट का कार्यकाल; चुनाव की मांग को लेकर 25 दिनों से चल रहा था धरना-प्रदर्शन।

चंडीगढ़:पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में लंबे समय से अटके सीनेट चुनावों को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। पीयू के चांसलर और उप-राष्ट्रपति (Vice President) ने सीनेट चुनावों की तारीखों को लेकर एक नोटिफिकेशन जारी किया है।
यह नोटिफिकेशन उप-राष्ट्रपति कार्यालय की सचिव सरिता चौहान की तरफ से जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि उप-राष्ट्रपति ने आपके द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार सीनेट चुनाव कराने को मंजूरी दे दी है।

क्या है पूरा मामला?
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू), चंडीगढ़ में सीनेट का कार्यकाल पांच साल का होता है।
पिछली सीनेट का कार्यकाल 31 अक्टूबर, 2024 को समाप्त हो गया था।
इसके बाद, 1 नवंबर, 2024 को नई सीनेट का चुनाव होना था।
हालांकि, चुनाव कराने की बजाय केंद्र सरकार ने सीनेट को भंग करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया था, जिसके चलते चुनाव नहीं हो पाए।

छात्रों और संगठनों का 25 दिन लंबा विरोध रंग लाया
सीनेट चुनाव की तारीखों के ऐलान की मांग को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा पिछले 25 दिनों से लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहा था।
इस दौरान पंजाब के विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन किए गए।
विरोध-प्रदर्शन को तेज़ करते हुए, 26 नवंबर को यूनिवर्सिटी बंद का आह्वान किया गया था।
उसी दिन यह भी ऐलान किया गया था कि अगर सीनेट चुनावों की तारीखें घोषित नहीं होती हैं, तो 3 दिसंबर को पंजाब भाजपा समेत पंजाब भर के सभी जिला-स्तरीय भाजपा कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

विरोध-प्रदर्शनों के दबाव और सीनेट चुनाव कराने की मंजूरी पहले ही मिल जाने के बाद, उप-राष्ट्रपति के कार्यालय ने चुनाव का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिससे यूनिवर्सिटी में खुशी का माहौल है।








