क्रिकेटर स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी टली, पिता की तबीयत बिगड़ी

सांगली (महाराष्ट्र): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना और जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुच्छल की आज (रविवार) होने वाली शादी टल गई है। यह समारोह महाराष्ट्र के सांगली में आयोजित होने वाला था, लेकिन स्मृति के पिता की अचानक तबीयत खराब होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है। स्मृति के मैनेजर ने इस बात की पुष्टि की है।

अचानक बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सांगली के समडोली रोड पर स्थित मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत समारोह का आयोजन किया गया था। रविवार दोपहर को शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, लेकिन इससे ठीक पहले स्मृति के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
उन्हें तत्काल इलाज के लिए सांगली के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।

6 साल के लंबे इंतजार के बाद बनने जा रहा था बंधन
आपको बता दें कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की पहली मुलाकात साल 2019 में मुंबई में एक दोस्त के ज़रिए हुई थी। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी समय तक निजी रखा और लगभग 5 साल बाद यानी 2024 में अपने रिलेशनशिप का खुलासा किया। 6 साल लंबे इंतज़ार के बाद यह कपल अब शादी के बंधन में बंधने वाला था। शादी की नई तारीख़ की घोषणा जल्द ही किए जाने की उम्मीद है।








