भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन से CBI ने की करीब 6 घंटे पूछताछ, सोमवार को फिर होगी पेशी
चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के एक मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन से सीबीआई ने करीब छह घंटे तक लंबी पूछताछ की।
सीबीआई दफ्तर से बाहर आने के बाद राजबीर घुम्मन ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने आज की पूछताछ के दौरान करीब 40 सवालों के जवाब दिए हैं और वह इस पूरी जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
घुम्मन ने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसी उन्हें जब भी और जहां भी बुलाएगी, वह पेश होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मामले की जांच पूरी होने के बाद उन्हें बहुत जल्द क्लीन चिट मिल जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले को एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार दिया है। हालांकि, मामले में अभी जांच जारी है और घुम्मन की ओर से क्लीन चिट मिलने की बात फिलहाल उनका अपना दावा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले के तथ्यों और आगे के आरोपों की कड़ियों को जोड़ने के लिए सीबीआई द्वारा राजबीर घुम्मन से सोमवार को दोबारा पूछताछ की जाएगी।











