शाहपुरकंडी बैराज पीड़ितों का 50वें दिन भी प्रदर्शन जारी, 200 फीट ऊंचे टावर पर डटे बुजुर्ग
पठानकोट में जिला उपायुक्त (डीसी) आवास के ठीक सामने बिजली के 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़े 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग शरम सिंह और कुलविंदर सिंह का धरना 50वें दिन में प्रवेश कर चुका है। प्रतिकूल मौसम, तेज हवाओं, ठंड और हाल ही में हुई 5 घंटे की भारी बारिश के बावजूद बुजुर्ग टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हैं। 85 वर्षीय बुजुर्ग शरम सिंह की सेहत लगातार बिगड़ने से स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है।
बैराज संघर्ष समिति के अध्यक्ष दयाल सिंह के अनुसार, शाहपुरकंडी बैराज/डैम प्रोजेक्ट के लिए उनके परिवारों की जमीनें अधिगृहीत हुए 33-34 साल बीत चुके हैं, लेकिन सरकार या डैम प्रशासन द्वारा किसी भी सदस्य को आज तक नौकरी नहीं दी गई है। अधिकारियों ने केवल बैठकों में 25 साल गंवा दिए, लेकिन धरातल पर स्थितियां जस की तस हैं। हालांकि समिति अध्यक्ष दयाल सिंह ने फोन पर कुलविंदर सिंह से नीचे उतरने का आग्रह भी किया, लेकिन बुजुर्गों ने साफ कर दिया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, वे किसी भी सूरत में नीचे नहीं आएंगे।
घटनास्थल पर पहुंचे सुजानपुर ब्लॉक सरपंच यूनियन के अध्यक्ष अक्षय शर्मा ने भी सरकार और जिला प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है; अतः पीड़ित परिवारों के दस्तावेजों के आधार पर बनता हक और रोजगार तुरंत दिया जाना चाहिए। वहीं, संघर्ष समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई ठोस निर्णय नहीं लिया और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को कोई नुकसान पहुंचा, तो आने वाले समय में सरकार और प्रशासन का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।











