मॉनसून की पहली बारिश ने खोली नगर पालिका की पोल, नालों पर अवैध कब्जों के चलते सड़कों पर जलभराव और लोगों की बढ़ी परेशानी
सुजानपुर में मानसून की पहली ही बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था और नालों पर किए गए अवैध कब्जों की पोल खोलकर रख दी है। मामला ज्योति भाटिया शोरूम के पास का है, जहां नालों पर किए गए अवैध कब्जों के कारण बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।
इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर काउंसिल के प्रधान और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और नालों पर किए गए कब्जों को हटाने के संबंध में शोरूम प्रबंधन को सख्त चेतावनी देते हुए शोरूम मालिक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके।
इस मामले में कमेटी कर्मचारियों की कार्यशैली और छुट्टी के दिन भी ड्यूटी पर उपस्थित होने पर भी चर्चा हुई है, जहां एक ओर स्थानीय दुकानदारों द्वारा नालों पर गलत तरीके से पुलियां बनाकर अतिक्रमण करने की बात सामने आई है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की इस कार्रवाई से शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।











