रघुनाथ मंदिर रामलीला ग्राउंड में शुरू हुई दशहरा व रामलीला की भव्य तैयारियां, 74 वर्षों से चली आ रही परंपरा
पठानकोट के रघुनाथ मंदिर रामलीला ग्राउंड में इस वर्ष भी रामलीला और दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी धूमधाम के साथ शुरू कर दी गई हैं। प्रधान अशोक जी ने बताया कि यह प्रांगण पिछले 74 वर्षों से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र रहा है। यहां रामलीला के साथ-साथ भगवान श्री राम के जन्म उत्सव, 15 दिवसीय जन्माष्टमी मेला, होलिका दहन और अन्य बड़े धार्मिक सम्मेलन पूरे वर्ष आयोजित किए जाते हैं।
इस संस्था को पूरी तरह से आत्मनिर्भर बनाया गया है, जहां बिना किसी बाहरी चंदे के प्रभु कृपा और संस्था के माध्यम से ही सारे आयोजन संपन्न होते हैं।
इस बार 12 अक्टूबर को श्री राम जी की बारात पठानकोट बाजार से होते हुए रामलीला ग्राउंड पहुंचेगी, जहां बारात संपन्न होगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा तथा 21 अक्टूबर को एक विशेष वैरायटी शो का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने पठानकोट वासियों को संदेश देते हुए कहा है कि जीवन में धर्म और संस्कृति को प्रमुखता देनी चाहिए तथा अपनी समृद्ध परंपराओं को जीवित रखने के लिए युवा पीढ़ी को भी इस मार्ग से जोड़ना चाहिए।











