पंजाबी गायक गैरी संधू विवादों में, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप

पंजाब:लोकप्रिय पंजाबी गायक गैरी संधू विवादों में घिर गए हैं। उन पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगा है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब चार दिन पहले अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में एक लाइव शो के दौरान गैरी संधू ने कथित तौर पर हिंदू देवी-देवताओं को समर्पित एक भजन का अपमान किया।

विवादित बयान
रिपोर्ट्स के अनुसार, गैरी संधू ने प्रसिद्ध भजन “चलो बुलावा आया है” के बोल को बदलकर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम से जोड़ दिया और गाया, “चलो बुलावा आया है, ट्रंप ने बुलाया है।” इस बदलाव को हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना जा रहा है, जिससे यह विवाद खड़ा हो गया है।
शिवसेना पंजाब ने जताई आपत्ति
शिवसेना पंजाब के नेता भानु प्रताप ने गैरी संधू के इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि भजन को ट्रंप से जोड़कर गायक ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने यह भी कहा कि तरनतारन में होने वाले उपचुनाव में पूरा हिंदू समुदाय एकजुट हो रहा है और वे गैरी संधू की इस हरकत को सभी हिंदू नेताओं के संज्ञान में लाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और गैरी संधू का विरोध कैसे करना है, इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया
शो के बाद सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर भी कई लोगों ने कमेंट कर गैरी संधू के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की है। यूजर्स ने उनसे देव समाज का अपमान न करने और जिस भजन के बोल को उन्होंने बदला है, वह माँ वैष्णो देवी को समर्पित है, उसका मज़ाक न उड़ाने की अपील की है।








