पंजाब में गरमाई सियासत: सैली रोड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला, लगाए गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप
पठानकोट के सैली रोड पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और मनमाने रवैये को लेकर तीखा हमला बोला।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पिछले 10 महीनों से अधिक समय से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बार-बार पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में हो रहे कामकाज और ओएसडी पर एफआईआर दर्ज करने की बात कही जा रही थी, लेकिन पंजाब पुलिस के दबाव में होने के कारण इस पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद यह मामला हाईकोर्ट में गया, जहां माननीय उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह पाया कि पंजाब सरकार इस पूरे मामले में संलिप्त है और मामले में लीपापोती करना चाहती है।
हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है और अदालत ने दो महीने के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सबमिट करने के निर्देश दिए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि एक तरफ जहां सरकार खुद को ईमानदार होने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के साथ-साथ कई विधायकों तक पर भ्रष्टाचार और पैसे इकट्ठा करने के गंभीर आरोप व रिकॉर्डिंग सामने आ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि जब ईडी और सीबीआई की रेड होती है, तो जनता ने इसका स्वागत फूलों से नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस कार्रवाई पर अपनी खुशी जाहिर करके किया है। पंजाब की जनता इस सरकार से पूरी तरह त्रस्त आ चुकी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है।











