मिशन रोड पर रामलीला ग्राउंड के पास जलभराव और संकरे रास्ते से लग रहा भारी जाम, स्थानीय लोग परेशान
पठानकोट के मिशन रोड स्थित रामलीला ग्राउंड के सामने मुख्य मार्ग पर जलभराव और रास्ते के संकरा होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शाम के समय इस मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव होने के कारण अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है. स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार, यह समस्या काफी समय से बनी हुई है और कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं.
इस मार्ग पर स्थिति यह है कि नाला ओवरफ्लो होने के कारण पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे सड़क और अधिक संकरी हो जाती है. हालात ऐसे बन जाते हैं कि एक वाहन के निकलने का रास्ता हीमुश्किल से बचता है और कभी भी रोड या नाला धंसने का खतरा बना रहता है. कॉरपोरेशन कार्यालय के बिल्कुल नजदीक होने के बावजूद अधिकारियों द्वारा स्थानीय समस्याओं का समाधान न किए जाने से लोगों में असंतोष है.
खास तौर पर इस मार्ग पर बने दो-तीन स्कूलों के कारण आने-जाने वाले छोटे स्कूली बच्चों को भारी जोखिमों का सामना करना पड़ता है. जलभराव और ट्रैफिक के इस संकट के चलते कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जवाबदेही तय होना मुश्किल होगा. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके.











