पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर डाउनटाउन के पास बना कट बना जानलेवा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर डाउनटाउन के पास स्थित कट वाहन चालकों के लिए हर समय एक बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। यह कट अब पूरी तरह से जानलेवा रूप ले चुका है क्योंकि यहाँ पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा इस खतरनाक कट को आज तक बंद नहीं किया गया है।
इस मार्ग पर एक तरफ जहाँ हाईवे से वाहन आते हैं, वहीं दूसरी तरफ डाउनटाउन की ओर से लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा, पास में ही डीमार्ट स्थित होने के कारण खरीदारी करने वाले लोग लंबा रास्ता बचाने के चक्कर में इसी जोखिम भरे कट से निकलते हैं।
ऐसे में अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के बीच अचानक वाहन के कट लेने से भीषण टक्कर होने की आशंका हर समय बनी रहती है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की माँग है कि या तो इस कट को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए या फिर यहाँ यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक लाइट्स लगाई जाएं। विभागीय सूत्रों के अनुसार इस स्थान पर स्लिप रोड बनाने का प्रावधान था, लेकिन अभी तक स्लिप रोड का निर्माण कार्य नहीं किया गया है। यदि समय रहते स्लिप रोड बन जाती, तो वाहन चालकों को अचानक मुड़ने की जरूरत नहीं पड़ती और हादसों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता। क्षेत्रवासियों ने नेशनल हाईवे विभाग से पुरजोर माँग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य हादसे में किसी की जान न जाए।












