सुजानपुर में नालों पर अवैध कब्जों से ठप हुआ ड्रेनेज सिस्टम, जलभराव से आमजन परेशान
सुजानपुर शहर में बड़े-बड़े व्यापारियों द्वारा नालों पर अवैध कब्जे किए जाने के कारण गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. इन अवैध कब्जों के चलते शहर का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे संबंधित अधिकारी भी खासे परेशान नजर आ रहे हैं. स्थिति यह है कि बरसाती मौसम में यहां तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है,
जिसके कारण आम नागरिकों और विशेषकर पैदल चलने वालों का आवागमन दूभर हो जाता है.
सुजानपुर के मुख्य चौराहे तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सुजानपुर शाखा के पास नालों पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए गए हैं. हालात यह हैं कि नालों का आगे का हिस्सा पूरी तरह बंद कर दिया गया है और पूरा नाला गंदगी, प्लास्टिक तथा घरों व दुकानों के कचरे से अटा पड़ा है. मुख्य बाजारों में कई जगहों पर स्थिति यह है कि आगे चलकर नाले का नामोनिशान तक दिखाई नहीं देता, और कई निर्माण कार्य सीधे नालों के ऊपर ही कर दिए गए हैं. पीछे से नाला ब्लॉक होने और आगे रास्ता बंद होने के कारण भविष्य में सीवर ब्लॉक होने और जलभराव की बड़ी समस्या उत्पन्न होने का खतरा बना हुआ है.
इस संबंध में सुजानपुर नगर पालिका के ईओ (EO) ने भी इस समस्या की पुष्टि करते हुए बताया कि शहर के मुख्य बाजारों और तंग गलियों में नालियों व बड़े नालों पर लोगों तथा दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं. इसके कारण सफाई कर्मचारियों को सफाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. बरसात के दिनों में जब पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर आता है, तो आम जनता को चलने-फिरने में भयंकर परेशानियों से जूझना पड़ता है. प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि लोग नालों के प्राकृतिक बहाव में कोई रुकावट या अतिक्रमण न डालें, अन्यथा नगर पालिका द्वारा इस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.












