शहपुर चौक में चोरों का आतंक: घर के बाहर लगे एसी का कंप्रेसर पाइप काटकर चुराया
पठानकोट:पठानकोट के शाहपुर चौक (शिमला पहाड़ी) इलाके में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहाँ एक घर के बाहर लगे एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर पाइप काटकर चोरी करने का अजीब मामला सामने आया है. अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर एसी के पाइप को काट दिया और उसे लेकर फरार हो गए, जिससे पीड़ित परिवार को एसी दोबारा चालू कराने के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ेंगे.
गैस लीक होने से हजारों का नुकसान
पीड़ित साबिर अली ने बताया कि चोरों ने एसी के कंप्रेसर से जुड़ा पाइप काटकर निकाल लिया, जिसके कारण एसी की गैस भी निकल गई. अब एसी की मरम्मत कराने में करीब 7 से 8 हजार रुपये का खर्च आने का अनुमान है. इस खर्च में नया पाइप लगवाना, एसी में दोबारा गैस भरवाना और कंप्रेसर की जरूरी मरम्मत का खर्च शामिल है.
पुलिस को दी चोरी की शिकायत
साबिर अली के अनुसार, चोर संभवतः घर के पास स्थित खाली पार्क की तरफ से दीवार या छत फांदकर अंदर दाखिल हुए और उन्होंने एसी के कंप्रेसर पाइप को निशाना बनाया. घटना का पता लगने पर उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी.
पुलिस ने शुरू की जाँच
पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. इसके साथ ही, उन्होंने इलाके में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और पुलिस गश्त तेज करने की भी अपील की है.











