पठानकोट में सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने के कारण रोष, 8 तारीख को नगर निगम के आगे धरने की चेतावनी
अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन पठानकोट के प्रधान रमेश कट्टू ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को हर महीने समय पर वेतन न मिलने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नियमों के अनुसार हर महीने की 7 तारीख तक कर्मचारियों के खातों में सैलरी आ जानी चाहिए, लेकिन ऐसा न होने के कारण उन्हें मजबूरन 8 तारीख को नगर निगम के समक्ष प्रदर्शन और धरना देने के लिए विवश होना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन कर्मचारियों के हितों के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिससे सफाई अभियानों के दौरान बड़े-बड़े दावे करने वाले नेताओं की कथनी और करनी का अंतर साफ झलकता है।
वेतन न मिलने की इस गंभीर समस्या को लेकर जब उन्होंने स्थानीय मंत्री के पीए से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनकी बात को भी पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 तारीख तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो वे काम छोड़कर कड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।











