फगवाड़ा एलपीयू हंगामा: रवनीत बिट्टू का बड़ा हमला, बोले- ‘आप’ सरकार की सोची-समझी राजनीतिक साजिश
फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुए हंगामे और पुलिस की गाड़ियों में आगजनी के मामले पर राजनीति गरमा गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी राजनीतिक गेम करार दिया है।
रवनीत बिट्टू ने दावा किया कि आगामी 30 सितंबर को भाजपा की एक बड़ी रैली प्रस्तावित है, जिसके मद्देनजर एलपीयू के आसपास टेंट लगाने और अन्य तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। उन्होंने भाजपा नेता मित्तल का नाम लेते हुए कहा कि वह इस रैली में अहम भूमिका निभा रहे हैं। बिट्टू ने एक महिला कमांडेंट का भी विशेष तौर पर जिक्र किया, जिसने कथित तौर पर वॉकी-टॉकी के जरिए दिल्ली, मोहाली और कोठियों से बातचीत होने का खुलासा किया था। उनके मुताबिक, हंगामे के दौरान आगे की कार्रवाई को लेकर लगातार निर्देश दिए जा रहे थे और बातचीत की जा रही थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि मासूम छात्रों को उकसाकर इस नापाक राजनीतिक खेल में मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन शुरुआती तौर पर जो परिस्थितियां दिखाई गईं, जांच के बाद कई परतें वैसी नहीं निकलीं। पुलिस की गाड़ियों में आगजनी की घटना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर इन गाड़ियों में आग किसने, कैसे और किन साजिशों के तहत लगाई, इन तमाम गंभीर सवालों के जवाब जनता के सामने आने चाहिए।
बिट्टू ने चेतावनी देते हुए दावा किया कि आने वाले दिनों में इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी एक-एक सच्चाई मीडिया के सामने बेनकाब की जाएगी। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को पंजाब की मौजूदा सरकार की कथित रणनीति से जोड़ते हुए कई तीखे सवाल खड़े किए हैं, जिससे राज्य का राजनीतिक पारा चढ़ गया है।











