कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की बैठक में बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर
नागिनी में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर बेहतर तालमेल बनाने को लेकर कांग्रेस के भंडवार और वासा जोन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में पूर्व विधायक अजय महाजन विशेष रूप से मौजूद रहे, जिनके साथ जोन और पंचायत स्तर के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्य रूप से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच आपसी तालमेल को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर हर बूथ पर लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने पर जोर दिया गया। पूर्व विधायक अजय महाजन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं।
आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियों को और तेज करने तथा बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।











