सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर कब्जा जमाए ऑटो चालकों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, चेतावनी- नहीं सुधरे तो जब्त होंगे वाहन
पठानकोट में सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो चालकों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जों और उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
सिविल अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो चालकों के खड़े होने के कारण एंबुलेंस को मरीजों को लाने-ले जाने में भारी असुविधा उठानी पड़ती है और इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी अस्पताल के अंदर जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए आज ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा और सराहनीय कदम उठाते हुए दौड़-दौड़कर नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के ऑनलाइन चालान काटे।
ट्रैफिक कर्मचारियों की इस कड़ी मेहनत के बावजूद, कुछ ही घंटों बाद स्थिति जस की तस हो गई और ऑटो चालकों पर इसका कोई असर नहीं दिखा, क्योंकि उन्हें प्रशासन का बिल्कुल भी डर नहीं है।
इस विषय पर ट्रैफिक प्रभारी धर्मदत्त जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि यदि ऑटो चालक नहीं सुधरे और अस्पताल के गेट पर दोबारा कब्जा किया, तो पुलिस उनके ऑटो को जब्त कर लेगी और चालकों को अपने वाहन कोर्ट के माध्यम से ही छुड़ाने पड़ेंगे।












