पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, वकीलों और स्टाफ के प्रवेश पर अस्थायी रोक
चंडीगढ़ के सेक्टर-1 स्थित पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह धमकी भरी ई-मेल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजी गई है।
धमकी मिलते ही अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर वकीलों और कोर्ट स्टाफ के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड द्वारा चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट को पहले भी इस तरह की धमकियाँ मिल चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा में कोई जोखिम नहीं लिया जा रहा है। फिलहाल इस मामले पर किसी भी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।











