मोदी सरकार का दो दिवसीय ‘मंथन’ सत्र शुरू: मंत्रालयों के कामकाज, भविष्य की योजनाओं और सुधारों पर हो रहा है मंथन
: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल का दो दिवसीय ‘मंथन’ सत्र बुधवार से शुरू हो गया है। इस उच्च-स्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य मंत्रालयों और विभागों के अब तक के कामकाज का जायजा लेना, आपसी तालमेल को बेहतर करना और सरकार के भविष्य के एजेंडे को तैयार करना है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को आयोजित इस दो दिवसीय सत्र के दौरान लोक कल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) प्रोजेक्ट्स पर चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। इस बैठक में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन की दिशा में नए विचारों, सुधारों और प्राथमिकताओं की पहचान करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण बैठक के जरिए सरकार के विभिन्न पहलुओं और नीतियों का आकलन करने का सिलसिला आगे भी जारी रहने की उम्मीद है। इस मंथन के आधार पर आने वाले दिनों में कई अहम विभागों और योजनाओं में नए सुधार देखने को मिल सकते हैं।











