सुजानपुर में स्वच्छता अभियान आयोजित, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर स्वामी विवेकानंद समिति ने दी सफाई की गूंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सुजानपुर में स्वच्छता को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया। स्वामी विवेकानंद समिति की ओर से आयोजित इस अभियान की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुभाष बरोल ने की। यह स्वच्छता अभियान स्वामी विवेकानंद पार्क, पुल नंबर-4 में चलाया गया।
इस विशेष अभियान में पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष रविकरण सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके साथ भाजपा जिला पठानकोट के महामंत्री राजकुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रूपलाल समेत समिति के अन्य गणमान्य सदस्य भी भारी संख्या में मौजूद रहे।
सभी नेताओं और समिति सदस्यों ने मिलकर पार्क और आसपास के क्षेत्र में श्रमदान किया, झाड़ू लगाकर सफाई की और आम जनता को स्वच्छता का कड़ा संदेश दिया। इस दौरान सभी ने मिलकर ‘स्वच्छ सुजानपुर, स्वस्थ सुजानपुर’ का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का अभिन्न अंग है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए हमें अपने शहर को साफ-सुथरा रखना चाहिए।











