मणिमहेश यात्रा 2026: सुरक्षा कारणों से 15 से 16 सितंबर तक भरमोर से हेलीकॉप्टर सेवाएं रहेंगी बंद
ब्रमौर:प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा इस समय पर अपने चरम पर चल रही है, और आगामी 19 सितंबर को बड़ा स्नान् (राधाष्टमी) आयोजित किया जाएगा। इस बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर प्रशासन और श्रद्धालुओं ने पूरी तैयारी कर ली है।
भदरवा, डोडा, किश्तवाड़ और रामबाण की तरफ से आने वाले हजारों श्रद्धालु पारंपरिक परंपरा के तहत भरमोर के भरमौरी हेलीपैड के पास पड़ाव डालते हैं। इस पुरानी प्रथा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर साल यात्रा के दौरान कुछ दिनों के लिए हेलीकॉप्टर उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित किया जाता है।
ऑनलाइन बुकिंग पर पहले से लगी है रोक
प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, यह प्रावधान ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में पहले ही लागू कर दिया गया था। इसी क्रम में इस वर्ष 15 सितंबर से लेकर 16 सितंबर की दोपहर तक भरमोर हेलीपैड से किसी भी प्रकार की हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित नहीं की जाएंगी। 14 सितंबर की दोपहर से लेकर 16 सितंबर दोपहर तक सुरक्षा और मौसम के एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
मौसम और भीड़ को देखते हुए होगा अगला निर्णय
16 सितंबर को दोपहर के बाद, जब अधिकांश श्रद्धालु पैदल ही मणिमहेश के लिए प्रस्थान कर जाएंगे, तब मौसम की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके उपरांत, स्थिति अनुकूल पाए जाने पर हेलीकॉप्टर सेवाओं को पुनः सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें।












