भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो टैक्सी, दो युवकों की मौत; परिजनों को 25-25 हजार की फौरी राहत
भरमौर (चंबा): भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दिनका घार (चलेड़ घार) के पास बुधवार मध्यरात्रि एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक बोलेरो टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में वाहन सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 39 वर्षीय रविंदर कुमार पुत्र मचला राम, निवासी भरमौर और 32 वर्षीय विशाल कुमार पुत्र करनाल सिंह, निवासी गौसन, भरमौर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविंदर कुमार अपनी बोलेरो टैक्सी (नंबर एचपी-01सी-3250) में विशाल कुमार के साथ स्थानीय पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए थे। मध्यरात्रि के बाद जब दोनों वापस भरमौर लौट रहे थे, तो दिनका घार के समीप पहुंचते ही वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
काफी देर तक दोनों के घर न लौटने और मोबाइल फोन पर कोई संपर्क न हो पाने के कारण परिजनों और परिचितों ने उनकी चिंता करते हुए तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दिनका घार के पास बोलेरो खाई में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस जवानों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों युवकों को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हृदय विदारक घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवाया और हादसे के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। शुक्रवार दोपहर को उनके पैतृक श्मशानघाट पर हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।











